Kanpur: जन्म प्रमाण पत्र चाहिए तो तीन महीने बाद आना...एक ही जोन पर पड़ा सारा बोझ, इतने हजार सर्टिफिकेट NOC में फंसे...

एनओसी में 45 दिन और फिर प्रमाण पत्र में 45 दिन का लग रहा समय

Kanpur: जन्म प्रमाण पत्र चाहिए तो तीन महीने बाद आना...एक ही जोन पर पड़ा सारा बोझ, इतने हजार सर्टिफिकेट NOC में फंसे...

कानपुर, अमृत विचार। अफीम कोठी में रहने वाली खुशबू अपने दोनों बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले दो महीने से नगर निगम के चक्कर काट रही हैं। 11 मार्च को उन्होंने एनओसी के लिए आवेदन किया था। 55 दिन बीतने के बाद भी उसके हाथ में एनओसी नहीं मिल पाई। 

इसी तरह रामादेवी में रहने वाले अक्षय सिंह भी अपने पांच वर्ष के बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिये परेशान है। एनओसी न मिलने की वजह से उनके बच्चे का प्रमाण पत्र बनने की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पा रही है। नगर निगम में ऐसे कई अभिभावक हर रोज धक्के खा रहे हैं। 

नगर निगम के सभी जोन के लिए एक साल के ऊपर वाले जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन से पहले नगर निगम से एनओसी लेना जरूरी है। यह एनओसी जोनल कार्यालयों से नहीं बल्कि नगर निगम के जन्म मृत्यु कार्यालय से मिलती है। जिसके चलते हर दिन 40 के 50 आवेदन आ रहे है। एनओसी रिकार्ड चेक करने के बाद दी जाती है, जिसमें 30 से 45 दिन का समय लगता है। 

वर्तमान में जोन चार के ऑफिस में दो हजार आवेदन अभी पैडिंग है, जिनकी एनओसी दी जानी है। नगर निगम से जुड़े अधिकारियों के अनुसार एनओसी लेने का मतलब साफ है कि नगर निगम से पूर्व में प्रमाण पत्र बनवाया तो नहीं गया। इसके पीछे चल रहे फर्जीवाड़े को खत्म करने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है। 

एनओसी मिलने के बाद जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिसके बाद तहसीलदार की प्रारंभिक जांच और डीएम परमिशन के बाद प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। जिसे नगर निगम के अलावा ऑनलाइन भी देखा व प्रिंट किया जा सकता है। कुल मिलाकर एस साल से ऊपर वाले जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में 90 दिन आपको इंतजार करना पड़ सकता है।

जन्म से 21 दिन के भीतर बनवा लें प्रमाण पत्र

आपने बच्चे के जन्म के 21 दिन के भीतर जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनवाया तो आप को परेशान होना पड़ सकता है। इसी लिये बच्चे के जन्म होते ही प्रमाण पत्र को बनवा लें। ताकि, आपको दिक्कत न हो।

प्रमाण पत्र बनवाने में कितना समय लग सकता

- 21 दिन से पहले हॉस्पिटल या घर में हुआ हो जन्म, तो जोनल ऑफिस से 10 से 15 दिन का समय प्रमाण पत्र बन सकता है। 
- एक महीने से ऊपर के प्रमाण पत्र के आवेदन के लिए सीएमओ की परमिशन रिपोर्ट आवश्यक है। जिसमें 20 से 25 दिन का समय लगता है।
- एक साल के ऊपर के प्रमाण पत्र बनवाने में एनओसी के साथ डीएम परमिशन रिपोर्ट आवश्यक है। जिसमें एनओसी में 45 और डीएम परमिशन रिपोर्ट में 45 दिन का समय लगता है।

यह पेपर लगाने जरूरी

- जन्म से 21 दिन से पहले केवल हॉस्पिटल का बर्थ सर्टिफिकेट, माता पिता का आधार कार्ड लगता है।
- जन्म के एक माह बाद हॉस्पिटल की पर्ची के साथ माता पिता का आधार कार्ड और एक शपथ पत्र भी लगाना होता है।
- एक साल के बाद प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नगर निगम की एनओसी के अलावा माता पिता का आधार कार्ड, शपथ पत्र और पड़ोसी के दो आधार कार्ड व शपथ पत्र लगाना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें- Farrukhabad: पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष दमयंती सिंह व बेटे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, इस दिन होगी सुनवाई...