हल्द्वानी: हर दिन तापमान बढ़ेगा आधा डिग्री, लू रहेगी जारी

हल्द्वानी: हर दिन तापमान बढ़ेगा आधा डिग्री, लू रहेगी जारी

हल्द्वानी, अमृत विचार। गर्मी का प्रकोप जारी है। आने वाले दिनों में तापमान में और भी बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। अब हर दिन तापमान बढ़ेगा। गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी और लू का क्रम जारी रहेगा।

अल-नीनो की वजह से मौसम पूरी तरह से गर्म हो गया है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। हल्द्वानी में रविवार को सुबह से ही गर्मी शुरू हो रही है। दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं भी चल रहीं हैं। लू की वजह से लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार उत्तर प्रदेश में लू की वजह से गर्मी और भी बढ़ रही है।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में यहां की भौगोलिक परिस्थितयों की वजह से कुछ राहत है लेकिन यहां भी आने वाले दिनों में तापमान और भी बढ़ेगा। अनुमान है कि अब हर दिन तापमान में आधा से एक डिग्री तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। बारिश होने का कोई अनुमान नहीं है। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि लोग दोपहर के समय सतर्क ही रहें। गर्मी से कोई राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 

पहाड़ों में भी चढ़ रहा तापमान
पर्वतीय इलाकों में भी तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री पहुंच गया है, यह सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा है। अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। पहाड़ों में दोपहर के समय तेज धूप निकल रही है।